अधिशासी अभियंता राजकुमार का देहरादून तबादला, दो वर्षों में कराए कई महत्वपूर्ण विकास कार्य
पोखरी, 24 जून (राणा)। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) पोखरी डिवीजन में लगभग दो वर्षों तक सेवाएं देने के बाद अधिशासी अभियंता राजकुमार का देहरादून स्थानांतरण हो गया है। उनके कार्यकाल में क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को गति मिली तथा लंबे समय से लंबित योजनाएं धरातल पर उतर सकीं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राजकुमार ने 25 सितंबर 2024 को पोखरी डिवीजन का कार्यभार संभाला था और 24 जून 2026 तक यहां अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण, सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया।
उनके प्रयासों से तीन किलोमीटर लंबा चांदनीखाल-रडुवा-कांडई चंद्रशिला मोटर मार्ग निर्मित हुआ, जिससे दोनों ग्राम सभाएं पहली बार सड़क संपर्क से जुड़ सकीं। इसके अलावा 26 किलोमीटर लंबे पोखरी-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग का केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) योजना के तहत सुधारीकरण एवं डामरीकरण कराया गया। वहीं हापला-गुणम-नैल मोटर मार्ग के तीन किलोमीटर हिस्से का भी नवीनीकरण और डामरीकरण किया गया। विभिन्न सड़कों पर लगभग 30 किलोमीटर तक पैचवर्क कार्य भी संपन्न कराया गया।
राजकुमार के नेतृत्व में चार मोटर मार्गों के लिए 89.60 लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रभावित काश्तकारों को वितरित की गई। चार किलोमीटर लंबे चमसिल-देवीखेत मोटर मार्ग की निविदा प्रकाशित कर अनुबंध प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। साथ ही लंबे समय से लंबित 95.36 लाख रुपये लागत की पोखरी-नखोलियाना मोटर मार्ग परियोजना की निविदा आमंत्रित कर अनुबंध प्रक्रिया को गति दी गई।
उनके कार्यकाल में डाम गदेरे पर 45 लाख रुपये की लागत से झूला पुल का निर्माण पूरा कराया गया। वर्षों से विवादों में घिरे कनकचौरी-पोगठा मोटर मार्ग का निर्माण कार्य भी पूर्ण कर उस पर यातायात सुचारु कराया गया।
वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई। दो राज्य मार्गों से संबंधित क्लास-बी श्रेणी की छह वन भूमि फाइलों को ऑनलाइन कर प्रक्रिया को तेज किया गया। खूनीगाड़-कुमेड़ा मोटर मार्ग की विधिवत स्वीकृति प्राप्त की गई, जबकि रौता-सेरा-मालकोटी सड़क के लिए वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया।
वर्ष 2022 में मस्ट गांव के पास क्षतिग्रस्त हुए जिलासू-आली मोटर मार्ग का मुख्य अभियंता, पौड़ी से निरीक्षण कराने के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशन में मार्ग को हल्के वाहनों के आवागमन हेतु खोलने की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत, रडुवा की प्रधान मनीषा देवी, कांडई चंद्रशिला के प्रधान भगत सिंह भंडारी, दिनेश रडवाल, जगदीश नेगी, कांग्रेस ब्लॉक संरक्षक कुंवर सिंह चौधरी तथा ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने राजकुमार के कार्यकाल को विकासोन्मुख बताते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
