केंद्रीय मंत्री के बयान के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका

देहरादून, 29 जुलाई। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी के कथित बयान के विरोध में मंगलवार को देहरादून स्थित एस्लेहॉल चौक पर प्रदर्शन किया और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया।
प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री द्वारा कथित रूप से बलात्कार के आरोपी के समर्थन में दिया गया बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान महिलाओं के सम्मान के खिलाफ हैं और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को संयमित एवं संवेदनशील आचरण करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके नेताओं की सोच महिला विरोधी रही है तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने महिलाओं से लोकतांत्रिक तरीके से ऐसे बयानों का विरोध करने का आह्वान किया।
रौतेला ने कहा कि प्रदेश और देश में महिलाओं, युवाओं तथा बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों की उपेक्षा की जा रही है। उनका आरोप था कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में जनजागरण अभियान और लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रखेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों पर संवेदनशीलता बरतनी चाहिए और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के बयान समाज में सही संदेश देने वाले होने चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली की भी आलोचना करते हुए कहा कि बरसात के दौरान विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ गई है।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, आशा मनोरमा डोबरियाल, नजमा खान, चंद्रकला नेगी, पूनम बिष्ट, अनुराधा तिवारी, संगीता गुप्ता, सविता सोनकर, निर्मला, संगीता सकलानी, दीपा चौहान, देवेंद्र, रेखा ढींगरा, सावित्री थापा सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
