Front Page

स्वतंत्रता दिवस पर राज्य व जिला स्तर पर होंगी खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर और साहसिक गतिविधियां

 

देहरादून, 29 जुलाई। उत्तराखंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस को इस वर्ष विशेष जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इसके तहत राज्य एवं जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं, रक्तदान शिविरों, वृक्षारोपण, मैराथन, साइकिल व बाइक रैली समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्द्धन अभियान, बड़े स्तर पर वृक्षारोपण और रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाए। साथ ही हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियों और विभिन्न खेल आयोजनों को भी कार्यक्रमों में शामिल किया जाए।

मुख्य सचिव ने प्रदेश के प्रमुख शहरों में महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बलों तथा एनसीसी बैंड की संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री परेड ग्राउंड, देहरादून में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्य सचिव सुबह 9 बजे सचिवालय में ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून को छोड़कर अन्य सभी जिलाधिकारी कार्यालयों में सुबह 9:30 बजे तथा देहरादून स्थित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे विभागाध्यक्ष अथवा कार्यालयाध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक प्रदेश के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन भी होगा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी भवनों एवं ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थानों में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, विचार गोष्ठियां, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान तथा जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!