क्राइमक्षेत्रीय समाचार

मानव तस्करी के खिलाफ पोखरी में निकाली जागरूकता रैली

पोखरी, 30 जुलाई (राणा)। मानव तस्करी एवं मानव दुर्व्यापार के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को पोखरी पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी के छात्र-छात्राओं, युवाओं तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी की छात्राओं के साथ विनायकधार तिराहे से गोल मार्केट तक जागरूकता रैली निकाली।

रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं और आमजन को मानव तस्करी, मानव दुर्व्यापार तथा इससे जुड़े अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लालच, धोखे या दबाव के माध्यम से किसी व्यक्ति को खरीदना-बेचना, उससे अवैध कार्य कराना, उसका शोषण करना अथवा उसकी स्वतंत्रता का हनन करना गंभीर दंडनीय अपराध है।

पुलिस ने युवाओं से अपील की कि मानव तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। इस दौरान महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा जागरूक नागरिक के रूप में निभाई जाने वाली जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
रैली में उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट, उपनिरीक्षक दलवीर सिंह नेगी, आरक्षी भरत सिंह टोलिया, आरक्षी ललित मोहन, अधिवक्ता श्रवण सती, अधिवक्ता राधा रानी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!