राजनीति

मनमोहन सिंह की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, गोदियाल ने आर्थिक सुधारों को किया याद

 

देहरादून, 26 सितंबर। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राजनीतिक और आर्थिक योगदान को याद किया।

गोदियाल ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अर्थशास्त्री, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1991 में वित्त मंत्री के रूप में डॉ. सिंह की आर्थिक सुधारों की नीति ने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। डॉ. सिंह 1991 से 1996 तक केंद्रीय वित्त मंत्री रहे और 2004 से 2014 तक दो कार्यकाल के लिए देश के प्रधानमंत्री रहे।

गोदियाल ने कहा कि डॉ. सिंह के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान मनरेगा, सूचना का अधिकार और शिक्षा का अधिकार जैसे महत्वपूर्ण कानून लागू हुए तथा सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़े कई कार्यक्रम आगे बढ़ाए गए। उन्होंने डॉ. सिंह की सादगी, शालीनता और सार्वजनिक जीवन में उनकी कार्यशैली का भी उल्लेख किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तराखंड के संदर्भ में कहा कि डॉ. सिंह के नेतृत्व वाली तत्कालीन संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के कार्यकाल में राज्य को केंद्रीय योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के लिए सहयोग मिला। उन्होंने दावा किया कि पर्वतीय राज्य की भौगोलिक और आर्थिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं के लिए संसाधन उपलब्ध कराए गए।

गोदियाल ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक शिष्टाचार को महत्व देते थे। उनका सार्वजनिक जीवन आर्थिक समझ, सादगी और सेवा की भावना के लिए याद किया जाएगा।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक एवं राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण, अश्विनी बहुगुणा, सुजाता पॉल, राजेंद्र शाह, अमरजीत सिंह, सुरेंद्र रांगड़, डॉ. प्रतिमा सिंह, अमेंद्र बिष्ट, शीशपाल बिष्ट, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, महेंद्र सिंह नेगी, मदन लाल, विनोद कुमार, नितिन बिष्ट, राजीव कुमार, अजय रावत, संग्राम सिंह पुंडीर, अरुणा कुमार, भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहन लाल रतूड़ी, उपेंद्र थापली, मंजू त्रिपाठी, बब्बन सती, सुशील डोभाल, यशपाल चौहान, चंद्रकला नेगी, पुष्पा पंवार और प्रशांत खंडूरी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!