तलवाड़ी महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव 29 को, दो पदों पर सीधा मुकाबला
थराली, 29 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी-थराली में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा। इसी दिन मतगणना और चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।
महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने बताया कि मतदान सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 2 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होते ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे और इसके तत्काल बाद नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
महाविद्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सहसचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब केवल सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए मतदान होना है। सचिव पद पर प्रमिला और तनुजा के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए दर्शन कुमार और कृष्णा आमने-सामने हैं।
डॉ. जोशी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए महाविद्यालय प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान से एक दिन पहले चारों प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। महाविद्यालय परिसर में चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं के बीच खासा उत्साह बना हुआ है।
