‘स्वस्थ नारी, सशक्त समाज’ के तहत छात्राओं को किया जागरूक
सेवा संकल्प फाउंडेशन ने थराली और नारायणबगड़ में बांटे सैनिटरी नैपकिन

थराली, 30 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। ‘स्वस्थ नारी, सशक्त समाज’ की थीम के तहत सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नारायणबगड़ और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज थराली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए और मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता का महत्व बताया। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने और सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित एवं स्वच्छ उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किशोरियों और महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
नेहा शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प फाउंडेशन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी से जुड़ा है और किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों को अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना चाहिए। महिलाएं स्वस्थ रहेंगी तो परिवार और समाज भी स्वस्थ एवं सशक्त होगा।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की चमोली जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, उपाध्यक्ष आशा डिमरी, खंड शिक्षा अधिकारी अनिनाथ, प्रधानाचार्य कुंवर सिंह भंडारी, मिथलेश चंद्र सती, चंद्र प्रकाश गौड़, पुष्पा कनवासी, रेखा तोपाल, निशा, अवंतिका, महिपाल सिंह और दर्शन गिरी सहित अन्य लोगों ने भी विचार रखे। दोनों विद्यालयों की छात्राओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
