क्षेत्रीय समाचारशिक्षा/साहित्य

चमोली के 1268 सरकारी विद्यालयों में 5 अक्टूबर को दक्षता आकलन परीक्षा

97 प्रतिशत विद्यार्थियों ने दी थी पहली परीक्षा

थराली, 1 अक्टूबर (हरेंद्र बिष्ट)। चमोली जिले के 1268 सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता के आकलन के लिए द्वितीय दक्षता आधारित आकलन परीक्षा 5 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कक्षा 2, 5 और 8 के विद्यार्थी शामिल होंगे। शिक्षा विभाग ने इसके लिए तैयारियां पूरी करने के साथ सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने बताया कि कक्षा 2 के विद्यार्थियों का हिंदी और गणित, कक्षा 5 का हिंदी, गणित और पर्यावरण अध्ययन तथा कक्षा 8 का हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान विषय में आकलन किया जाएगा। प्रत्येक विषय में 12-12 प्रश्न पूछे जाएंगे।
जिले के 875 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों, 192 राजकीय जूनियर हाईस्कूलों, 73 राजकीय हाईस्कूलों और 128 राजकीय इंटर कॉलेजों में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी के अनुसार सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा से संबंधित आवश्यक सामग्री और दिशा-निर्देश उपलब्ध करा दिए गए हैं। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को परीक्षा व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के बाद विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद परिणाम और आकलन से संबंधित अन्य आवश्यक सूचनाएं विद्या समीक्षा केंद्र के पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की जाएंगी। इसके माध्यम से कक्षा और विषयवार विद्यार्थियों की दक्षता का विवरण संकलित किया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इससे पहले जिले में प्रथम दक्षता आधारित आकलन परीक्षा 7 सितंबर को आयोजित की गई थी। इसमें जिले के 97 प्रतिशत विद्यार्थियों ने भाग लिया था। दूसरी परीक्षा के परिणामों से विद्यार्थियों की विषयवार प्रगति और दक्षता के स्तर का आकलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!