अपर सचिव के न पहुंचने से मायूस रहे फरियादी, बीडीओ ने संभाला ‘सरकार जनता के द्वार’ शिविर
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 11 फरवरी। सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत तलवाड़ी स्टेट में प्रस्तावित शिविर में राज्य के अपर सचिव एवं निदेशक शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड विनोद गिरी गोस्वामी के न पहुंचने से फरियादी निराश नजर आए। बाद में स्थिति संभालते हुए थराली के प्रभारी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) जयदीप बेलवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और जनसमस्याएं सुनीं।
मंगलवार को विकास खंड कार्यालय थराली की ओर से तमाम विभागों के विभागाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता को सूचना दी गई थी कि बुधवार को अपर सचिव की अध्यक्षता में तलवाड़ी में शिविर आयोजित होगा। सूचना के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना और तलवाड़ी सहित आसपास के इलाकों से जनप्रतिनिधि, आम नागरिक, अधिकारी और कर्मचारी समय पर स्थल पर पहुंच गए।
हालांकि, बुधवार को दोपहर 12:30 बजे तक अपर सचिव के न पहुंचने से उपस्थित लोग असमंजस में रहे और मायूसी छा गई। अंततः कार्यक्रम को स्थगित होने से बचाने के लिए प्रभारी बीडीओ जयदीप बेलवाल तलवाड़ी पहुंचे और शिविर की कार्यवाही शुरू कराई।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से खेती की सुरक्षा, तलवाड़ी क्षेत्र में उत्पादित माल्टा, कीवी, नाशपाती और आलू के विपणन की समुचित व्यवस्था न होने जैसी प्रमुख समस्याएं उठाईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़ी अन्य शिकायतें भी दर्ज की गईं।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र, सहायक अभियंता बबिता, अवर अभियंता श्रीजय, डी.एस. बधाणी, प्रियांशु रावत, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता शिकंदर सिंह, जल निगम के सहायक अभियंता कैलाश चंद्र नौटियाल, सहायक खंड विकास अधिकारी मनोज सिंह गुसाईं, ग्राम विकास अधिकारी सुनील पुरोहित, नवीन शाह सहित कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, ग्राम प्रधान तलवाड़ी दीपा फर्स्वाण, पूर्व प्रमुख गोपाल सिंह फर्स्वाण, कंचन सिंह, कलम सिंह बोरा, शुभी चौहान, गजेंद्र सिंह रावत, दर्शन सिंह रावत, त्रिलोक सिंह बिष्ट, बलवंत रावत, संगीत बिष्ट, आनंदी देवी, कुमारी प्रिया, भावना देवी, सरोज देवी, लक्ष्मी, कविता देवी, सोनी बोरा, पूनम दुसाद, मंजू गड़िया, सुनीता नेगी, कंचन सहित अनेक ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं।
