Front Page

हरिद्वार में अमित शाह के कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूरी, शहर सजकर तैयार

हरिद्वार, 6 मार्च। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह शनिवार, 7 मार्च 2026 को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार: चार साल बेमिसाल’ में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल बैरागी कैम्प के साथ ही पूरे हरिद्वार शहर को सजाया-संवारा जा रहा है ताकि केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत किया जा सके।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार का भ्रमण किया। उन्होंने बैरागी कैम्प पहुँचकर जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आयोजन को सुव्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं का वरिष्ठ स्तर पर परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह बैरागी कैम्प में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वे राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी तथा नई न्याय संहिताओं पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। साथ ही वे राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री श्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनिल गोयल, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन श्री विनय रोहिला, विधायक रानीपुर श्री आदेश चौहान, मेयर नगर निगम हरिद्वार श्रीमती किरण जैसल, मेयर नगर निगम रुड़की श्रीमती अनीता देवी, नगर पालिका ऋषिकेश के अध्यक्ष श्री शंभू पासवान, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा के हरिद्वार जिलाध्यक्ष श्री आशुतोष शर्मा, गढ़वाल मंडल आयुक्त श्री विनय शंकर पाण्डे, एडीजी श्री अजय प्रकाश अंशुमन, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!