क्षेत्रीय समाचार

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न रडुवा इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव

पोखरी, 11 अप्रैल (राणा)। पीएमश्री अटल उत्कृष्ट विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज रडुवा चांदनीखाल में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं पूर्व छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य संजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और परंपरा का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री एवं विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली आकाश सारस्वत ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना “वर दे वीणा वादिनी” तथा स्वागत गीत “आनंद मंगलम शुभ स्वागतम” की मधुर प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्य अतिथि लक्ष्मण खत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का समावेश विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भविष्य निर्माता हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में जाकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे।
विशिष्ट अतिथि आकाश सारस्वत ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा के सात वर्ष विद्यार्थियों के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्ष होते हैं, जो उनके भविष्य की दिशा और दशा तय करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग, अनुशासन, स्वाध्याय और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सीख दी। साथ ही नशामुक्ति पर जोर देते हुए कहा कि शराब जैसी बुराइयां परिवार और समाज को खोखला करती हैं, इससे बचाव में माताओं और अभिभावकों की अहम भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय में नियमित संपर्क बनाकर बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर नजर रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करते हुए एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। राजस्थानी लोक नृत्य, योग एवं आनंद कार्यक्रम, बुढ़ देवता कार्यक्रम, प्रसिद्ध लोकनायक जीतू बगड़वाल पर आधारित नृत्य तथा जौनसारी “मासो देवता की डोली” की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक धुनों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं के साथ ही बोर्ड परीक्षाओं एवं गृह परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य संजय कुमार, अटल उत्कृष्ट विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज नागनाथ के प्रधानाचार्य जी.एल. सैलानी, लता कोहली, निशा कुसुम गढ़िया, डॉ. बृजेंद्र कठैत, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष उपेंद्र सती, राजकीय शिक्षक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष महावीर जग्गी, संदीप नेगी, अनूप रावत, योगेंद्र बर्तवाल, सलीप कुमार, प्रदीप रडवाल, संदीप कुमार, धर्मेंद्र राणा, कुलदीप नेगी, नवीन सिंह, सोहन सिंह, मनीषा नेगी, शोभा जोशी, नीमा शाह, आशा रावत, सुनीता सेमवाल, राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा के प्रधानाचार्य शंकर डबराल, पवित्रा टम्टा, कृषि अधिकारी पोखरी राजेश चमियाल, अनिल नेगी, हेमराज सिंह राणा, चंडी प्रसाद नौटियाल, सतीश चंद्र नौटियाल, दिनेश रडवाल, काण्डई चंद्रशिला के प्रधान भगत भंडारी, सूबेदार सुरेंद्र सैलानी, सत्येंद्र बुटोला, बृजेश रडवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी, प्रेम सिंह राणा, लखपत राणा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनमोहन परमार एवं दुर्गा प्रसाद कुमेड़ी ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में प्रधानाचार्य संजय कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!