Front Page

औली में नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप और विंटर कार्निवाल की तैयारियां पूरी

औली/ज्योतिर्मठ, 11 फरवरी (कपरुवाण)। विश्व विख्यात हिमक्रीड़ा केंद्र औली में 13 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाली नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप एवं औली विंटर कार्निवाल का आयोजन विश्व स्तरीय नंदा देवी स्कीइंग स्लोप पर ही किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को लेकर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

हाल के दिनों में औली में बर्फ की मात्रा कम होने के कारण प्रतियोगिताओं को रोप-वे के दस नंबर टावर के समीप स्थित स्लोप पर कराने पर भी विचार किया गया था। हालांकि, तकनीकी टीम द्वारा किए गए सर्वेक्षण के बाद नंदा देवी स्कीइंग स्लोप को ही पूरी तरह प्रतियोगिता के लिए तैयार कर लिया गया है। प्रतियोगिताएं इस स्लोप के स्टार्ट पॉइंट से चेयर लिफ्ट के समीप तक आयोजित होंगीं, जिसकी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
स्की माउंटेनियरिंग एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि अल्पाइन स्कीइंग और स्नो बोर्डिंग की प्रतियोगिताएं मुख्य नंदा देवी स्कीइंग स्लोप पर आयोजित की जाएंगी।

वहीं स्की माउंटेनियरिंग के अंतर्गत वर्टिकल और स्प्रिंट प्रतियोगिताएं दस नंबर टावर के समीप वाले स्लोप पर होंगीं। इसके अतिरिक्त सुनील गांव से औली तक तीन किलोमीटर मैराथन तथा स्नो स्विंग जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगीं।

नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप एवं औली विंटर कार्निवाल का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जाने का प्रस्ताव है। इस राष्ट्रीय आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!