उत्तराखंड के पांच जिलों में खराब मौसम का अलर्ट, बिजली-ओलावृष्टि की आशंका
देहरादून, 3 अप्रैल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 4 अप्रैल को उत्तराखंड के पांच जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। राज्य के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने संबंधित जिलों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के दौरान ट्रैकिंग गतिविधियों को नियंत्रित अथवा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधित रखने को कहा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में आवागमन पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन को मोटर मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने, राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रखने तथा चौकियों और थानों में आपदा प्रबंधन उपकरणों और वायरलेस प्रणाली के साथ हाई अलर्ट बनाए रखने को कहा गया है।
साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने और नगरों व कस्बों में नालियों तथा कल्वर्टों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
