क्षेत्र पंचायत नागपुर पोखरी की त्रैमासिक बैठक 16 फरवरी को
पोखरी, 6 फरवरी (राणा)। विकासखंड पोखरी के अंतर्गत क्षेत्र पंचायत नागपुर की त्रैमासिक बैठक आगामी 16 फरवरी को ब्लॉक सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी करेंगी। बैठक पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगी।
खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने बताया कि बैठक में विकासखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति, लंबित प्रस्तावों तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने संबंधित जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित पूर्ण तैयारियों के साथ समय पर बैठक में उपस्थित रहें।
बैठक के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे, जनसमस्याएं तथा आवश्यक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति, लाभार्थियों को मिल रहे लाभ और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए बैठक में सभी अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
