क्षेत्रीय समाचार

भिटोली महोत्सव में महिला मंगल दलों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

 

विधायक ने 1.50 लाख रुपये देने की घोषणा

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित भिटोली महोत्सव कार्यक्रम में देवाल ब्लॉक की महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस दौरान कुमाऊनी झोड़ा, चांचरी, लोकगीत, लोकनृत्य तथा नाटक प्रस्तुत कर महिलाओं ने अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति का जीवंत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना की और भिटोली महोत्सव के आयोजन के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

देवाल मुख्य बाजार में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक भूपाल राम टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ महिलाओं को अवश्य उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां से ही परिवार, समाज, क्षेत्र, देश और विश्व का निर्माण होता है, इसलिए महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने विधायक सहित अन्य अतिथियों और क्षेत्र की महिला मंगल दलों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी भिटोली महोत्सव का आयोजन किया गया है, जिसमें स्थानीय लोगों के सहयोग से महिलाओं को भिटोली प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक और अन्य अतिथियों ने महिलाओं को भिटोली के रूप में साड़ियां भेंट कीं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, ज्येष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, कनिष्ठ प्रमुख पिंकी देवी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी, कृष्णा बिष्ट, आशा धपोला, लक्ष्मण बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश गड़िया, देहरादून के व्यवसायी खिलाप बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट, लाखामंडल के जिला पंचायत सदस्य अनिल वर्मा, भाजपा नेता रणजीत नेगी, नंदी कुनियाल, गंगा सिंह सुयाल, दयाल बिष्ट, युवराज बसेड़ा, जितेंद्र बिष्ट, संदीप बिष्ट, यशवंत मेहरा, लखपत परिहार, राजेंद्र मेहरा तथा देवाल की प्रधान कविता मिश्रा सहित अनेक लोगों ने अतिथियों का स्वागत किया।
भिटोली महोत्सव के दौरान महिला मंगल दलों ने “के खोल दा माता खोल भवानी”, “धार में किवाड़”, “रहाटा नी जाड़ माधोसिंह”, “देणा होया बद्री”, “मेर बुड्ढिया को ब्या छो रे”, “ते पार का भिड़ा नी काट” सहित कई आकर्षक गीत, झोड़ा, चांचरी, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों का उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!