आपदा में लगे डंपरों व मशीनों का भुगतान लंबित, 16 से तालाबंदी की चेतावनी
— हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट
थराली, 10 फरवरी। पिछले वर्ष थराली क्षेत्र में आई आपदा के दौरान मोटर सड़कों को खोलने में लगाए गए डंपरों और मशीनों का भुगतान अब तक नहीं होने से पिंडर डंपर ऑनर एवं ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन में भारी आक्रोश है। एसोसिएशन ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली पर धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद भुगतान में अनावश्यक देरी का आरोप लगाया है।
एसोसिएशन का कहना है कि लोनिवि थराली के अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच आपसी तालमेल के अभाव के कारण आपदा के दौरान किए गए कार्यों का भुगतान अब तक लंबित है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 फरवरी तक भुगतान नहीं किया गया तो 16 फरवरी से लोनिवि थराली कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। इस संबंध में अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है।
अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र को सौंपे ज्ञापन में बताया गया है कि 22 अगस्त 2025 को थराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा से सड़कों को भारी नुकसान हुआ था, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं व खाद्यान्न का संकट पैदा हो गया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी की पहल पर लोनिवि थराली, पिंडर क्षेत्र के डंपर, जेसीबी व अन्य मशीन स्वामियों और चालकों के साथ बैठक हुई थी, जिसमें सड़कों को शीघ्र खोलने के लिए सहयोग मांगा गया।
आपदा की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के डंपर व मशीन स्वामियों तथा चालकों ने कड़ी मेहनत कर समय पर सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया, जिससे हालात सामान्य हो सके। लेकिन आपदा के छह माह बाद भी किए गए कार्यों का भुगतान नहीं हो पाया है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शासन से इस मद में धनराशि लोनिवि थराली को प्राप्त हो चुकी है, इसके बावजूद भुगतान लंबित है।
एसोसिएशन ने बताया कि 22 जनवरी को भी भुगतान को लेकर एक ज्ञापन दिया गया था, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भुगतान न होने के कारण मशीन स्वामियों और चालकों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष अब्बल सिंह पिमोली, सचिव प्रेम बिष्ट, कोषाध्यक्ष जयकृत चिनवान, जमन सिंह, ठेकेदार यशपाल सिंह नेगी, हरेंद्र कोटेड़ी, गोविंद सिंह भंडारी, देवेंद्र सिंह परिहार, मोहन सिंह नेगी, भास्कर पांडे और विपिन रावत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
