Front Page

बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी ने बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 6 अप्रैल (कपरूवाण)। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग एवं बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ मंदिर सिंहद्वार परिसर, दर्शन पथ, तप्तकुंड, बीकेटीसी बस टर्मिनल तथा विभिन्न विश्राम गृहों का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को जिलाधिकारी/बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी ने केदारनाथ धाम के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। इससे पूर्व वे केदारनाथ धाम पहुंचकर वहां की यात्रा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण कर चुके हैं।
सोमवार को बदरीनाथ धाम पहुंचने पर उन्होंने बीकेटीसी अधिकारियों को आगामी यात्रा व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ धाम में शीतकालीन सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों तथा मंदिर समिति के कर्मचारियों से भी मुलाकात की।
मुख्य कार्याधिकारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता तीर्थयात्रियों को सरल एवं सुगम दर्शन उपलब्ध कराना है। इसके लिए यात्रा पूर्व तैयारियों को समय से पूर्ण करने, भीड़ प्रबंधन तथा क्राउड क्यू मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग, दर्शन व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, अवर अभियंता गिरीश रावत, जगमोहन बर्त्वाल, सुपरवाइजर भागवत मेहता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!