बीकेटीसी मुख्यालय ज्योतिर्मठ में कर्मचारियों की प्रोन्नति व वेतन विसंगतियों पर बैठक
ज्योतिर्मठ, 7 फरवरी (कपरूवाण)। बद्रीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्यालय ज्योतिर्मठ में समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की अध्यक्षता में यात्रा व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्याधिकारी सहित विभिन्न अधिष्ठानों के अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ने अवगत कराया कि मंदिर समिति के कर्मचारी लंबे समय से प्रोन्नति की मांग कर रहे हैं। साथ ही अस्थायी कर्मचारियों की वेतन वृद्धि तथा मुख्यमंत्री द्वारा घोषित वन टाइम सेटलमेंट के अनुरूप कार्रवाई की भी मांग की जा रही है। इस पर उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि आगामी 17 फरवरी को उप समिति की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें प्रोन्नति, वेतन वृद्धि एवं वेतन विसंगतियों से संबंधित विषयों पर निर्णय लिया जाएगा।
वर्चुअली जुड़े मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल ने जानकारी दी कि प्रोन्नति प्रक्रिया एवं वेतन विसंगतियों से संबंधित कार्यवाही प्रगति पर है। साथ ही कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए शासन से आवश्यक पदों की मांग की गई है।
बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपाध्यक्ष को अवगत कराया कि जब तक विभागीय प्रोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार की प्रतिनियुक्ति अथवा संविदा नियुक्ति न की जाए। इस पर उपाध्यक्ष सती ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी संघ का पत्र प्राप्त होने के बाद उन्होंने मुख्य कार्याधिकारी एवं सचिव पर्यटन को पत्र भेजकर प्रतिनियुक्ति एवं संविदा प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मंदिर समिति के विश्राम गृहों की मरम्मत एवं साज-सज्जा, बद्रीनाथ धाम में महाभिषेक पूजा के समय पर पुनर्विचार तथा केदारनाथ धाम में कर्मचारियों के लिए आवास व्यवस्था जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा कई कर्मचारियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं रखीं।
उपाध्यक्ष स्तर पर पहली बार इस प्रकार की बैठक आयोजित होने से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में वर्षों से लंबित प्रकरणों के समाधान की उम्मीद जगी है।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि कर्मचारियों की प्रोन्नति, वेतन विसंगतियां और नियमितीकरण सहित सभी विषयों पर मंदिर समिति गंभीरता से कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही सामने आएंगे। उन्होंने आगामी यात्रा काल में सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से पूरे मनोयोग से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ ही बद्रीनाथ अधिष्ठान के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित
