रक्तदान शिविर 16 अप्रैल को,तलवाड़ी महाविद्यालय में नशामुक्ति पर परिचर्चा आयोजित
थराली, 5 अप्रैल (हरेंद्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में आगामी 16 अप्रैल को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालय में नशामुक्ति अभियान के तहत एक विशेष परिचर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने बताया कि प्रस्तावित रक्तदान शिविर में छात्र-छात्राओं के साथ क्षेत्रीय जनता भी बढ़-चढ़कर भाग लेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान आंकड़ों के अनुसार भारत में प्रतिवर्ष औसतन 14.6 मिलियन यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, जबकि लगभग एक मिलियन यूनिट की कमी बनी रहती है। इस कमी को दूर करने की दिशा में महाविद्यालय द्वारा यह एक छोटा, लेकिन सार्थक प्रयास किया जा रहा है।
नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित परिचर्चा में वक्ताओं ने युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसके गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं। कई परिवार नशे की वजह से बर्बाद हो चुके हैं। वक्ताओं ने इस समस्या से निपटने के लिए सामाजिक जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर नशामुक्ति अभियान के तहत स्लोगन एवं पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. सेराज मोहम्मद, कार्यक्रम संयोजक डॉ. नीतू पांडे, सह-संयोजक मोहन उप्रेती, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. खेमकरण, सुधा राणा, सुनील कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, देवेश बिष्ट, योग प्रशिक्षक कुलानन्द सती, डॉ. ललित जोशी सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
