Front Page

बोर्ड परीक्षाएं 23 फरबरी से, नकलविहीन व शांतिपूर्ण संचालन को पुख्ता इंतजाम

पोखरी, 21 फरवरी (राणा)। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन संचालन के लिए शिक्षा विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। खंड शिक्षा अधिकारी विनोद मटूडा ने बताया कि विकासखंड पोखरी के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विकासखंड के आठ परीक्षा केंद्र—राजकीय इंटर कॉलेज गोदली, राजकीय इंटर कॉलेज उडामांडा, राजकीय इंटर कॉलेज पोगठा, राजकीय इंटर कॉलेज थालाबैड़, राजकीय इंटर कॉलेज देवीखेत, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी, राजकीय इंटर कॉलेज चौड़ी तथा राजकीय इंटर कॉलेज सरमोला में 23 फरवरी से बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ होंगी। परीक्षाएं 20 मार्च तक संचालित की जाएंगी। परीक्षा का समय प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही निगरानी के लिए दो सचल दलों का गठन किया गया है। पहला सचल दल स्वयं खंड शिक्षा अधिकारी विनोद मटूडा के नेतृत्व में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगा, जबकि दूसरा सचल दल उप शिक्षा अधिकारी नेहा भट्ट के नेतृत्व में केंद्रों का भ्रमण करेगा। दोनों दल परीक्षा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करते हुए किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

खंड शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि इस वर्ष विकासखंड के आठ परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल परीक्षा में कुल 374 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे, जिनमें 205 छात्र और 169 छात्राएं शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 327 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 156 छात्र और 171 छात्राएं शामिल हैं।

उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षाओं का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ किया जाए। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे निष्पक्ष ढंग से अपनी परीक्षा दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!