अन्य

दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में हुआ ‘हाशिये का हिमाल’ पुस्तक का लोकार्पण

 

देहरादून, 23 सितम्बर। उत्तराखंड के 24 युवा कवियों के कविता संग्रह हाशिये का हिमाल का दून पुस्तालय एवं शोध केन्द्र में लोकार्पण किया गया। इस पुस्तक के संपादक डॉ. अनिल कार्की ने इस अवसर पर आयोजित चर्चा में कहा कि हाशिये का हिमाल संग्रह हिमालयी कविताओं को लेकर किए जा रहे वृहद संगह का हिस्सा है।

इस कार्य के अंतर्गत जम्मू कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक के हिमालयी राज्यों के युवा कवियों के संग्रह निकाले जाएंगे। यह बहुत खुशी की बात है कि यह कार्य उत्तराखंड में हो रहा है। उन्होंने कहा कि हिमालय कविता सीरिज नाम से इन पुस्तकों के संपादन का कार्य चल रहा है। इसके पहले खंड के रूप में हाशिये का हिमाल पुस्तक आपके हाथों में है। उन्होंने आगे बताया कि इस पुस्तक में उत्तराखंड के 24 युवा कवियों की कविताएं शामिल हैं। इस पुस्तक के माध्यम से समकालीन उत्तराखंड के साहित्यिक परिदृश्य को समझा जा सकता है।

इससे पूर्व वरिष्ठ कवि राजेश सकलानी, अनिल कार्की, नागेन्द्र गंगोला, रानू बिष्ट, प्रवीन कुमार भट्ट द्वारा इस संकलन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के रिसर्च एसोसिएट चन्द्रशेखर तिवारी द्वारा दून पुस्तकालय का परिचय देते हुए बताया कि दून पुस्तकालय साहित्य एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति एक प्रतिबद्य संस्थान है। उन्होंने बताया कि इस पुस्तक के माध्यम से पाठकों को बहुत से युवा कवियों को पढने का अवसर मिलेगा।

कवि एवं समीक्षक राजेश सकलानी ने इस पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इस संग्रह के माध्यम से 24 नए कवियों से परिचय हुआ। एक साथ इतने कवियों को समेटकर संपादक ने महत्वपूर्ण कार्य किया है। इस संग्रह में हम हिमालय के दूर दराज इलाकों की आवाजें सुन सकते हैं।

इस संग्रह में उत्तराखंड के युवा कवि संदीप रावत, सोनिया गौड़, लोकेश डसीला, प्रकृति करगेती, लवराज, स्वाति मेलकाली, मोहन मुक्त, नीलम पाण्डेय, प्रियंका गोस्वामी, रोहित जोशी, दर्पण साह, दीपिका ध्यानी, नागेन्द्र गंगोला, खेमकरण सोमन, मनोज कंडियाल, अंकिता रासुरी, अस्मिता पाठक, नीकिता नैथानी, प्रेमा गड़कोटी, सुमित रिंगवाल, पंकज भट्ट, अनिता मैठाणी, दिव्या और अनिल कार्की की कविताएं शामिल हैं।

संग्रह का संपादन अनिल कार्की द्वारा किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के निकोलस होपलेंड ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में एच एस राणा, राजनिश त्रिवेदी, दर्द गढ़वाली, सुमित रिंगवाल, अरुण असफल, ईबबार रब्बी, नीलम पांडे, जे पी मेठानी, बीजू नेगी, विनोद बगियाल, अनिता मैथानी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!