Front Page

केंद्र ने कुंभ मेले के लिए दिए 500 करोड़ रुपये

 

देहरादून, 23 फरबरी।  मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित कार्यों को गति मिलेगी। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में प्रधानमंत्री से कुंभ आयोजन हेतु सहयोग का अनुरोध किया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार निरंतर उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल एवं हवाई संपर्क के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल सिद्ध हुआ है। कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन हेतु प्राप्त यह सहयोग राज्य सरकार के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

श्री धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा तथा देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!