ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण को ₹1105.79 करोड़ की स्वीकृति
देहरादून, 31 मार्च। ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण कार्य को भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से बड़ी स्वीकृति मिली है। मंत्रालय ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए ₹1105.79 करोड़ की तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी प्रदान की है।
यह बहुप्रतीक्षित परियोजना राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर (किमी 529.750) से लेकर खरासोटे पुल (किमी 542.420) तक विकसित की जाएगी। लगभग 12.670 किलोमीटर लंबा यह बाईपास भट्टोवाला और ढालवाला गांवों से होकर गुजरेगा। परियोजना को ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन) मोड पर क्रियान्वित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या से राहत मिलेगी और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ चारधाम यात्रा तथा पर्यटन गतिविधियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यह परियोजना उत्तराखंड के समग्र विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारी सरकार राज्य के दूरस्थ और शहरी क्षेत्रों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।”
मंत्रालय के अनुसार, परियोजना की प्रारंभिक लागत ₹1151.18 करोड़ आंकी गई थी, जिसे संशोधित कर ₹1139.40 करोड़ किया गया और अंततः ₹1105.79 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
परियोजना को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य में किसी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। निविदाएं ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से आमंत्रित की जाएंगी और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार किए जाएंगे।
इस परियोजना पर व्यय वित्त वर्ष 2025-26 में भारत सरकार के बजट प्रावधान (जीबीएस) के अंतर्गत किया जाएगा। देहरादून स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को इस कार्य के लिए आहरण एवं वितरण अधिकारी (डीडीओ) नामित किया गया है.
परियोजना के पूर्ण होने से ऋषिकेश क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी, जाम की समस्या में कमी आएगी और राज्य के आर्थिक व पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।
