सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मिली मंजूरी, क्षेत्र में खुशी की लहर
-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 1 अक्टूबर। चमोली जिले के सीमांत एवं सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में लंबे संघर्ष के बाद केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। केंद्रीय कैबिनेट से स्वीकृति मिलने की जानकारी सामने आते ही पूरे देवाल क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ पड़ी।
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि सैनिक बाहुल्य, दुर्गम और सीमांत गांव सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्र के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार जताया।
गौरतलब है कि पिछले एक दशक से सवाड़ सहित देवाल विकास खंड के लोग यहां केवी की स्थापना की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों ने अस्थायी संचालन के लिए स्वयं आगे बढ़कर लगभग 20 लाख रुपये की लागत से टिन शेडों का निर्माण कराया था। साथ ही उन्होंने लगभग 100 नाली भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन के नाम दान कर दी। इस लंबे संघर्ष के बाद अब ग्रामीणों के सपनों को पंख लग गए हैं।
स्वीकृति की जानकारी सामने आने के बाद थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, देवाल भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, देवाल प्रमुख तेजपाल सिंह रावत, सवाड़ शहीद मेला समिति के अध्यक्ष एवं केवी स्थापना संघर्ष समिति के प्रमुख आलम सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान आशा धपोला, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, डीएवी कॉलेज देहरादून पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दयाल बिष्ट, महावीर भंडारी, दर्शन धपोला, पूर्व प्रधान देवकी देवी, उप प्रधान विरेंद्र बिष्ट, धन सिंह धपोला, रमेश राम, प्रमोद धपोला सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
सभी का कहना है कि देवाल जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से न केवल शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव में हो रहा लगातार पलायन भी रुकेगा। ग्रामीणों और नेताओं ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री, शिक्षा मंत्री और गढ़वाल सांसद का आभार व्यक्त किया है।
