क्षेत्रीय समाचार

सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति पर ग्रामीणों ने व्यक्त किया आभार, स्वास्थ्य शिविर का भी हुआ आयोजन

– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –

थराली/देवाल, 4 अक्टूबर। सैनिक बाहुल्य ग्राम सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों द्वारा एक आभार सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विद्यालय की स्वीकृति के लिए सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों और नेताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

शनिवार को विकासखंड देवाल के सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में शहीद मेला समिति के अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित आभार सभा में बतौर मुख्य अतिथि देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल सिंह रावत ने कहा कि सवाड़ की जनता के लगभग एक दशक के लंबे संघर्ष का ही परिणाम है कि आज केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की स्वीकृति प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट ने सवाड़ के ग्रामीणों के संघर्ष की विस्तृत जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और थराली के विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने धन्यवाद प्रस्ताव भी रखा, जिसे सभा में ध्वनिमत से पारित किया गया।

कार्यक्रम में देवाल भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, महामंत्री नरेंद्र बागड़ी, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र बिष्ट, जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, युवराज बसेड़ा, जितेंद्र बिष्ट, सेवानिवृत्त उप रेंजर त्रिलोक सिंह बिष्ट, सैनिक संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष कुंवर सिंह बिष्ट, सवाड़ के पूर्व प्रधान इंद्र सिंह बिहारी, महावीर भंडारी, धन सिंह धपोला, सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान अरविंद भंडारी, केदार सिंह, गौरव खत्री, कुंदन राणा, हुक्म सिंह, महिला मेहरा, नरेंद्र भंडारी, नंदन खत्री, महिपाल सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह और ममंद अध्यक्ष बसंती देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इसी क्रम में सवाड़ गांव में एसबीआई की देवाल शाखा के शाखा प्रबंधक राजेश नेगी की अध्यक्षता में एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक ने बैंक की विभिन्न उपभोक्ता एवं पूर्व सैनिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को साईबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी।

शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल के चिकित्सक डॉ. रोबिन और डॉ. विजय के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मी ललित जुयाल, लखपत सिंह दानू, दुर्गा जोशी, अक्षांश और सुरेंद्र बिष्ट ने पहुंचे हुए रोगियों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं। इस मौके पर बैंक कर्मी मलय पांडे और दिवान सिंह रावत सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!