राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में चमोली के छात्रों का परचम

गौचर, 11 फरवरी (गुसाईं)। जनपद चमोली ने एक बार फिर राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में जीएमपीएस डूंगरी की प्रतिभाशाली छात्रा निहारिका प्रभा तथा जीएमपीएस देवाल के मेधावी छात्र विहान खत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्रमशः प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है।
इन होनहार विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे उनके समर्पित मार्गदर्शक शिक्षक शशिकांत प्रभा, पूरन विष्ट एवं सुमन रानी सहित संपूर्ण विद्यालय परिवार का अथक परिश्रम और मार्गदर्शन निहित है। वर्ष 2018-19 से संचालित अबेकस कार्यक्रम के तहत जनपद चमोली के शिक्षकों और डायट द्वारा किए गए सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम आज राज्य स्तर पर स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है।
यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थियों की मेधा का प्रमाण है, बल्कि नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों की सफलता का भी उदाहरण है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर डायट चमोली के प्राचार्य आकाश सारस्वत, मुख्य शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जनपद अबेकस समन्वयक गोपाल कपरुवाण, डायट के समस्त संकाय सदस्यों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष भी इन्हीं विद्यालयों के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता में प्रथम एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर जनपद की उपलब्धियों में चार चांद लगाए थे। राज्य स्तर पर निदेशक श्रीमती बंदना गबर्याल, अपर निदेशक श्री सकलानी, उप निदेशक श्री कृष्णानंद बिजलवान, राज्य अबेकस समन्वयक श्री अवनीश उनियाल तथा स्कार्ट उत्तराखंड के प्रवक्ताओं द्वारा बच्चों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
