मुख्यमंत्री धामी ने 242 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी
सड़क, पुल, रिवर फ्रंट, गंगा कॉरिडोर, अतिथि गृह, पुलिस भवन और स्थानीय निकायों की परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति
देहरादून,26 मार्च। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में नगरीय अवस्थापना, सड़क-पुल निर्माण, बाढ़ सुरक्षा, रिवर फ्रंट, गंगा कॉरिडोर, अतिथि गृहों, कार्यालय भवनों तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए लगभग 242 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में शारदा रिवर फ्रंट, हरिद्वार मास्टर प्लान, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों के पुनर्निर्माण, पुलिस अवसंरचना, स्थानीय निकायों और ग्रामीण संपर्क मार्गों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने नियोजन विभाग के अंतर्गत यूआईआईडीबी स्तर से संचालित विभिन्न परियोजनाओं—जिनमें शारदा रिवर फ्रंट परियोजना, हरिद्वार मास्टर प्लान, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और अन्य योजनाएं शामिल हैं—के लिए 109 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से शहरी विकास, पर्यटन और नदी तटीय क्षेत्रों के सुनियोजित विस्तार को गति मिलेगी।
सड़क और पुल परियोजनाओं को मिली बड़ी राहत
राज्य योजना के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी में विकास खंड कोट के गोदी-बजूण मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 3.15 करोड़ रुपये तथा कोटा-देवप्रयाग से व्यासघाट मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 3.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी प्रकार, जनपद देहरादून के विकास खंड सहसपुर-बी, मसूरी क्षेत्र में देहरादून-मसूरी स्टेट हाईवे संख्या-1 के किमी 18 पर क्षतिग्रस्त सिंगल लेन पुल के स्थान पर 60 मीटर स्पान के दो लेन क्लास-ए लोडिंग बॉक्स सेतु के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं, जनपद ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर क्षेत्र में छत्तरपुर से शांति विहार होते हुए भूरारानी ग्राम तक मोटर मार्ग के हॉटमिक्स द्वारा पुनर्निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
रोपवे परियोजना के लिए आईआईटी रुड़की से होगा सुरक्षा परीक्षण
मुख्यमंत्री ने हर-की-पौड़ी से मां चंडी देवी, मां मनसा देवी और मल्टी मॉडल हब रोपवे परियोजना के अंतर्गत मनसा देवी स्टेशन क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के तहत मनसा देवी पहाड़ी की चट्टान और मिट्टी की स्थिरता का विश्लेषण आईआईटी रुड़की से कराए जाने के लिए 46.89 लाख रुपये की लागत को भी मंजूरी दी है। यह परीक्षण परियोजना की सुरक्षा और दीर्घकालिक स्थायित्व के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस और सुरक्षा ढांचे को भी मिली मजबूती
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिरीक्षक कैंप कार्यालय, हल्द्वानी परिसर में विभिन्न शाखाओं—प्रधान लिपिक, गोपनीय सहायक, वाचक शाखा, अवर अभियंता कक्ष, सीसीटीएनएस, साइबर, मीडिया और शिकायत सेल—के लिए कार्यालय भवन निर्माण हेतु 1.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
इसके अलावा, आईआरबी द्वितीय वाहिनी, देहरादून में प्लॉट नंबर-02 पर मौजूदा भवनों के ऊपर टाइप-द्वितीय के 4 तथा टाइप-तृतीय के 4 आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये तथा आरक्षी आधारभूत (संस्थागत) प्रशिक्षण के लिए 240 बेडेड बैरक निर्माण हेतु 9.77 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
सतपुली बैराज की पुनरीक्षित लागत को भी हरी झंडी
व्यय वित्त समिति की संस्तुति के आधार पर मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल/एकेश्वर विकास खंड के अंतर्गत सतपुली बैराज की पुनरीक्षित लागत के लिए 76.35 करोड़ रुपये को नाबार्ड से वित्तपोषित कराए जाने का अनुमोदन दिया है। यह परियोजना क्षेत्रीय सिंचाई, जल प्रबंधन और स्थानीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सीमांत और तराई क्षेत्रों में भी स्वीकृत हुए कई कार्य
मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राग जुम्मा अंतर्गत रौड़ा से पांखर मार्ग निर्माण के लिए 79.98 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। ऊधमसिंह नगर के बाजपुर विधानसभा क्षेत्र में शिवपुरी मजदूर बस्ती में 600 मीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए 57.96 लाख रुपये तथा पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में मुख्य सड़क से अंतरराष्ट्रीय पुल और थाना झूलाघाट तक हल्के मोटर इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग निर्माण के लिए 58.16 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसी क्रम में, जनपद चंपावत के चंपावत विधानसभा क्षेत्र में चल्थी-नौलापानी मार्ग (पीएमजीएसवाई) के सुधारीकरण के लिए 2.62 करोड़ रुपये तथा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में रीठा साहिब से भीड़ार होते हुए नधौर वन्यजीव अभयारण्य तक ट्रैकिंग रूट निर्माण के लिए 55.57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, खटीमा क्षेत्र में खटीमा अधिवक्ता एसोसिएशन के लिए अधिवक्ताओं हेतु पक्के चैंबर्स निर्माण को 80 लाख रुपये की मंजूरी मिली है।
अतिथि गृह, निकाय और स्वच्छता योजनाओं को भी प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने राज्य अतिथि गृह, सर्किट हाउस एनेक्सी के सिविल और विद्युत अनुरक्षण, नवीनीकरण एवं पुनरोद्धार कार्यों के लिए 7.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अंतर्गत परिसंपत्तियों के सृजन हेतु जनपद हरिद्वार की नगर पंचायत इमलीखेड़ा के कार्यालय भवन निर्माण के लिए 1.58 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, राज्यों के लिए पूंजी निवेश विशेष सहायता के अंतर्गत स्थानीय निकायों में ठोस अपशिष्ट के त्वरित परिवहन हेतु कूड़ा परिवहन वाहनों की आपूर्ति के लिए 3.92 करोड़ रुपये तथा नगर पालिका परिषद कालाढूंगी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए 1.49 करोड़ रुपये की योजना को नगरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास निधि से वित्तपोषित करने का अनुमोदन दिया गया है।
लोकतंत्र सेनानी सम्मान राशि को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान राशि के अंतर्गत आवेदिका श्रीमती कान्ता देवी, पत्नी स्वर्गीय लाखन सिंह, निवासी हीरानगर, वार्ड संख्या-7, शागुड़ी गार्डन, रामपुर रोड, हल्द्वानी, जनपद नैनीताल को आवेदन प्रस्तुत करने की तिथि 26 अप्रैल 2024 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि अनुमन्य किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
