मुख्यमंत्री धामी की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री से महाकुंभ 2027 और नमामि गंगे पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार महाकुंभ 2027 के सफल, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से सतत आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के अंतर्गत ₹408.82 करोड़ की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। ऐसे में गंगा की निर्मलता, स्वच्छता एवं अविरलता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों हेतु ₹253 करोड़ के प्रस्तावों की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त धनराशि जारी करने तथा इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने पर असिंचित भूमि की सिंचाई के लिए 665 क्यूसेक अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा, जिससे हरिद्वार जनपद के भगवानपुर एवं लक्सर क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा।
परियोजना के माध्यम से लगभग 13 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का अनुमान है। साथ ही क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में भी महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी।
