Front Pageआपदा/दुर्घटना

मुख्यमंत्री धामी ने किया देहरादून के डालनवाला थाने में 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का लोकार्पण

आपदा प्रबंधन प्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में उत्तराखंड पुलिस का महत्वपूर्ण कदम

 

देहरादून, 6 सितम्बर ।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थाना डालनवाला, देहरादून परिसर में स्थापित 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का विधिवत लोकार्पण किया। यह पहल राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड एक आपदा संभावित राज्य है, जहां समय रहते सतर्कता और सूचना प्रसारण अत्यधिक महत्वपूर्ण होता है। इस दृष्टि से अत्याधुनिक सायरन प्रणाली नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और तकनीक के माध्यम से पुलिस व आपदा प्रबंधन विभाग को लगातार सशक्त किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण उत्तराखंड में भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। इस वर्ष भी कई भीषण आपदाओं का सामना करना पड़ा। सरकार का प्रयास है कि आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाकर क्षति को न्यूनतम किया जाए।

उन्होंने बताया कि 8 किलोमीटर और 16 किलोमीटर की रेंज वाले ये सायरन न केवल प्राकृतिक आपदाओं के समय अलर्ट करेंगे, बल्कि नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी साबित होंगे। समय पर चेतावनी मिलने से न केवल जान-माल की हानि को कम किया जा सकेगा, बल्कि राहत और बचाव कार्य भी अधिक प्रभावी होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सायरन प्रणाली केवल संभावित आपदा की चेतावनी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जन-जागरूकता और समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में भी मददगार होगी। ये सायरन भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और आपदा संभावित इलाकों में स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और जनता को इसके उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में इसका अधिकतम लाभ उठाया जा सके। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग और उत्तराखंड पुलिस के संयुक्त प्रयासों की सराहना भी की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डालनवाला थाने में स्थापित बाल थाने का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों, उत्तराखंड पीसीएस एसोसिएशन और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक भेंट किए गए।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री  सुबोध उनियाल, विधायक  खजान दास, पुलिस महानिदेशक, आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी देहरादून, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!