मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट में जनता के साथ खेली होली

चम्पावत, 27 फरबरी। लोहाघाट में रामलीला मैदान में आयोजित काली कुमाऊँ होली रंग महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की। बड़ी संख्या में एकत्रित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक कुमाऊँनी होली के गीतों में शामिल होकर लोगों के साथ खड़ी होली गायन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराएं और त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान के मजबूत आधार स्तंभ हैं। चम्पावत की काली कुमाऊँ होली अपनी विशिष्ट और पारंपरिक होली गायन शैली के कारण पूरे कुमाऊं में अलग पहचान रखती है।”

उन्होंने आगे कहा कि होली जैसे समारोह हमारी समृद्ध विरासत को संजोने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। श्री धामी ने जोर देकर कहा, “होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, सद्भाव, भाईचारा और आपसी प्रेम का जीवंत प्रतीक है। आधुनिक परिवेश के बीच भी चम्पावत में पारंपरिक संस्कृति को इस तरह जीवंत रखना बहुत प्रशंसनीय है।”
आयोजन समिति की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महोत्सव समाज में समरसता को मजबूत करते हैं और पूरे क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ होली खेली, रंगों में रंगकर उत्सव की खुशियां साझा कीं और पूरे प्रदेशवासियों को सुख, शांति, स्वास्थ्य तथा समृद्धि से परिपूर्ण होली की मंगलकामनाएं दीं।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग) एवं सांसद अजय टम्टा, लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, प्रेमा पांडे, मुकेश कलखुड़िया, सुभाष बगोली, हिमेश कलखुड़िया, निर्मल महरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी. एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
