Front Page

हिन्दू नववर्ष पर मुख्यमंत्री ने किया पंचांग कैलेंडर का विमोचन

देहरादून, 19 मार्च। हिन्दू नववर्ष के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पंचांग कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने इसे राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के कारण देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। यहां की परंपराएं केवल आस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज की जीवनशैली, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक संरचना का अभिन्न हिस्सा हैं। ऐसे में पंचांग कैलेंडर का प्रकाशन इस गौरवशाली विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी तक उसके संवहन का प्रभावी माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि यह पंचांग कैलेंडर राज्यवासियों को तिथि, वार, पक्ष, मास, पर्व और विशेष दिनों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पारंपरिक त्योहारों, व्रतों और धार्मिक आयोजनों के महत्व से भी अवगत कराएगा। इससे लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से और अधिक गहराई से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचांग में देवभूमि उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक और आस्था स्थलों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है। ये स्थल न केवल श्रद्धा के केंद्र हैं, बल्कि राज्य की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक भी हैं। इस दृष्टि से यह कैलेंडर केवल तिथियों का संकलन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने वाला एक उपयोगी और प्रेरक दस्तावेज भी है।

मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह पंचांग कैलेंडर राज्य के नागरिकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा और भविष्य में इसे और अधिक समृद्ध तथा व्यापक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

इस अवसर पर सचिव श्री विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!