मुख्य सचिव ने नैनीताल में विकास कार्यों की समीक्षा की, समयबद्धता और गुणवत्ता पर दिया जोर

नैनीताल, 18 मार्च। डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल में मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने मंगलवार देर सायं जिले में संचालित विभिन्न परियोजनाओं और महत्वपूर्ण विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं में आ रही प्रशासनिक, तकनीकी या प्रक्रियागत बाधाओं का त्वरित समाधान किया जाए और आवश्यक मामलों को शासन स्तर पर तुरंत उठाया जाए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों।
मासिक लक्ष्य तय कर करें कार्य
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित कार्य करने के निर्देश दिए। लंबित टेंडर, स्वीकृतियां और तकनीकी अनुमोदन शीघ्र पूरा करने तथा जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति से जनसुविधाओं में सुधार होगा।
कैंची धाम सौंदर्यीकरण कार्य पर विशेष जोर
41 करोड़ रुपये की लागत से मानस खंड मंदिर माला मिशन के तहत कैंची धाम सौंदर्यीकरण एवं प्रकाशीकरण कार्य को जून 2026 तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल कार्यों में जल जीवन मिशन के तहत कार्य समय पर पूरा करने और गर्मी से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया।
पेयजल और सीवरेज योजनाओं की समीक्षा
इंद्रानगर नाले की सीवरेज योजना (24 करोड़) और ओखलकांडा की कालाआगर पंपिंग पेयजल योजना (23 करोड़) को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इन योजनाओं के माध्यम से लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
जमरानी बांध और भूस्खलन कार्यों पर निर्देश
3678.23 करोड़ रुपये की लागत से बन रही जमरानी बांध परियोजना को जून 2029 तक पूरा करने और टनल निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया। बलियानाला भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र (298 करोड़) के उपचारात्मक कार्यों को 2028 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बस टर्मिनल और शैक्षणिक संस्थानों के निर्माण पर नजर
काठगोदाम (67 करोड़) और रामनगर (28 करोड़) बस टर्मिनल निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा गया। वहीं कुमाऊं विश्वविद्यालय में बीएड-विधि संकाय भवन, मानसिक चिकित्सालय गेठिया और स्टेट कैंसर संस्थान के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
हल्द्वानी सीवरेज और नमो भवन परियोजना
हल्द्वानी की सीवरेज परियोजनाओं (47, 56 और 41 करोड़) तथा 397 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नमो भवन की प्रगति की समीक्षा की गई। नमो भवन में हो रही देरी पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व, शिकायत निस्तारण और जनकल्याण योजनाएं
मुख्य सचिव ने राजस्व वसूली, वन भूमि हस्तांतरण, मुख्यमंत्री घोषणाओं और जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने और आवश्यकता पड़ने पर अनटाइड फंड के उपयोग के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि विरासत नामांतरण अभियान के तहत 21,452 लोगों को लाभ मिला है और अधिकांश राजस्व विवादों का निस्तारण किया जा चुका है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत 50 शिविरों में 10,746 लोगों को लाभान्वित किया गया।
मानव-वन्यजीव संघर्ष और राहत कार्य
जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामलों में प्रभावित परिवारों को लगभग 2.91 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। सभी प्रभावितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई गई।
पर्यटन सीजन को लेकर विशेष तैयारी
मुख्य सचिव ने आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नेटवर्क कनेक्टिविटी सुधार के लिए मोबाइल टावर प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने को भी कहा गया।
बैठक में आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिला अधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार, पुलिस अधीक्षक डॉ जगदीश चंद्रा, मनोज कत्याल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू, पेयजल निर्माण निगम के अधीक्षण अभियंता अनूप पाण्डे सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
