शैक्षिक सत्र के पहले ही दिन बच्चों को मिली किताबें, खिले चेहरे
पहले दिन ही किताबें उपलब्ध होने से शिक्षकों को पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने में सुविधा होगी

पोखरी, 1 अप्रैल (राणा)। विकासखंड पोखरी में शैक्षिक सत्र 2026-27 की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। सत्र के पहले ही दिन छात्र-छात्राओं को नई पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर शिक्षा विभाग ने सकारात्मक संदेश दिया। विद्यालयों में पहले दिन ही किताबें मिलने से बच्चों के चेहरे खिल उठे, वहीं अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यालय पोखरी स्थित राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सोहनलाल ने बच्चों को पुस्तकें वितरित कर सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण योजना के तहत विद्यार्थियों को समय पर किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बच्चों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया, ताकि वे अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।
इसके अलावा अटल उत्कृष्ट पीएम श्री इंटर कॉलेज नागनाथ, रड़ुवा-चांदनीखाल, उच्च प्राथमिक विद्यालय पोखरी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी, प्राथमिक विद्यालय खाल, कुमेड़ा और करछूना सहित क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी छात्र-छात्राओं को पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं।
उप शिक्षा अधिकारी कुमारी नेहा भट्ट ने बताया कि हाल ही में प्राप्त पुस्तकों को बिना किसी विलंब के छात्रों तक पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा कि सत्र की शुरुआत में ही किताबें मिलने से छात्र-छात्राएं पूरे मनोयोग से पढ़ाई प्रारंभ कर सकेंगे। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने और उनकी शैक्षिक गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की।
डायट मेंटर सुमन भट्ट ने भी विद्यालय पहुंचकर बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि पहले दिन ही किताबें उपलब्ध होने से शिक्षकों को पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराने में सुविधा होगी, जिससे छात्रों के शैक्षिक स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा।
विद्यालयों में नए प्रवेश लेने वाले बच्चों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, जिससे माहौल उत्सव जैसा बन गया। छात्रों और अभिभावकों में नए सत्र को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
इस अवसर पर पीएम श्री इंटर कॉलेज नागनाथ एवं रड़ुवा के प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक, ज्ञानी लाल सैलानी, संजय कुमार, विजय लक्ष्मी रावत, दलीव राणा, विक्रम भंडारी, बीना वशिष्ठ सहित अन्य शिक्षकों ने भी बच्चों को पुस्तकें वितरित कीं। कार्यक्रम में बीआरसी राकेश भट्ट, निधि अस्वाल, सीआरसी साधना, आयशा, पल्लवी सहित बड़ी संख्या में एसएमसी पदाधिकारी और अभिभावक उपस्थित थे।
