नयार घाटी में एडवेंचर टूरिज्म की नई उड़ान, बिलखेत में रंगारंग महोत्सव से बढ़ी रौनक

पौड़ी 26 फरबरी। बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल के आगाज़ के साथ नयार घाटी को साहसिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल शुरू हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों को हरी झंडी दिखाते हुए क्षेत्र में पर्यटन अवसंरचना सुदृढ़ करने से जुड़ी कई घोषणाएँ कीं।
महोत्सव में पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी गतिविधियों का संचालन शुरू किया गया। प्रशासन का कहना है कि इन गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा को आयोजन की प्रमुख उपलब्धि माना जा रहा है।

धार्मिक पर्यटन को भी विकास योजना में शामिल किया गया है। विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर और पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े स्थलीय विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आस्था और साहसिक पर्यटन को एक साथ बढ़ावा देना है, जिससे पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़े और स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिले।
जिले में जारी प्रमुख परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया। श्रीनगर में लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खोह नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और मालन नदी पर पुल निर्माण कार्य भी जारी हैं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने के लिए आधारभूत ढांचे और कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने इसे नयार घाटी की ब्रांडिंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिला प्रशासन ने एक ही मंच से दस अलग-अलग गतिविधियों का सफल संचालन कर आयोजन क्षमता का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिला समूहों और युवाओं की भागीदारी से महोत्सव में उत्साह का माहौल रहा। नयार घाटी, जो अब तक प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पहचानी जाती थी, अब संगठित साहसिक पर्यटन गंतव्य के रूप में अपनी नई पहचान गढ़ने की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है।
