कांग्रेस स्थापना दिवस पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में हुआ कार्यक्रम

देहरादून, 28 दिसम्बर। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस भवन देहरादून में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं और कांग्रेसजनों ने वंदे मातरम् और राष्ट्रगान गाया तथा मिठाई वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी कांग्रेसजनों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विश्व की सबसे पुरानी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टियों में से एक है और भारत की आजादी के आंदोलन में इसकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। 28 दिसम्बर 1885 को स्थापित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने देश को एक सूत्र में बांधकर राष्ट्रीयता, आत्मविश्वास और आजादी के संघर्ष की चेतना जगाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास त्याग और बलिदान का रहा है, जिसने हमेशा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए संघर्ष किया है।
गोदियाल ने कहा कि आजादी के बाद देश के करोड़ों लोगों ने बेहतर जीवन के सपने कांग्रेस पार्टी से जोड़े और कांग्रेस नेतृत्व ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद इन सपनों को साकार करने का प्रयास किया। उनके अनुसार आज भारत विश्व की बड़ी ताकत के रूप में स्थापित हो पाया है तो इसमें कांग्रेस नेतृत्व का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और सौहार्द पर आधारित भारत के निर्माण के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा और मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा सभी वर्गों और संप्रदायों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी रही है और देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस व विभिन्न frontal organizations के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया और संगठन को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
