क्षेत्रीय समाचार

कांग्रेस ने चलाया धनपुर पट्टी में जनजागरण अभियान

 

गौचर, 2 फरवरी। मनरेगा का नाम बदले जाने के विरोध और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने पूर्व सिदोली क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनजागृति बैठकें आयोजित कीं। इन बैठकों के माध्यम से लोगों को भाजपा की नीतियों के प्रति जागरूक किया गया।

बैठकों की अध्यक्षता कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कर्णप्रयाग विधानसभा से विधायक पद के प्रबल दावेदार मुकेश नेगी ने की। उन्होंने मनरेगा का नाम बदले जाने, कार्यदिवसों की संख्या बढ़ाने, दैनिक मजदूरी में वृद्धि, अंकिता भंडारी को न्याय, स्थायी राजधानी गैरसैंण सहित अन्य स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

खरसाईं, गैथी, सिदोली, पाडुली सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित बैठकों को संबोधित करते हुए मुकेश नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा को कमजोर करने के उद्देश्य से उसका नाम बदलकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यह आम जनता के साथ अन्याय है, जिसके विरोध में लोगों को एकजुट होकर आगे आना होगा।
बैठकों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौतम मिंगवाल, जिला महामंत्री अजय किशोर भंडारी, पूर्व न्याय पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण राणा, पूर्व प्रधान जगदीश केडियाल, वरिष्ठ कांग्रेसी राम प्रसाद देवली सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, महिला मंगल दलों की महिलाएं, युवा साथी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!