पोखरी में कांग्रेसियों का सम्मान समारोह, सत्ता में वापसी का भरोसा
पोखरी, 3 अप्रैल (राणा)। विकास खंड सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला ने कहा कि देश और प्रदेश के समग्र विकास के लिए कांग्रेस की भूमिका अहम है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और पिछले नौ वर्षों से रुके विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
विधायक बुटोला ने कहा कि देश में स्थापित प्रमुख इंजीनियरिंग कॉलेज, वैज्ञानिक संस्थान और शिक्षण संस्थान कांग्रेस की ही देन हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आजादी के समय 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण का श्रेय भी कांग्रेस को जाता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान शासन में विकास की रफ्तार थम गई है तथा बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और अपराध में वृद्धि हुई है।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने चमोली जनपद और बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सभी से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह केवल अपने दल के विधायकों वाले क्षेत्रों में विकास कार्यों पर ध्यान दे रही है, जबकि विपक्षी क्षेत्रों की अनदेखी की जा रही है।
विधायक ने चेतावनी दी कि जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार की नीतियों के खिलाफ सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट की गृह तहसील पोखरी में एसडीएम की तैनाती नहीं है। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आवश्यक सुविधाओं के अभाव के कारण वह केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया है। कई विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं।
उन्होंने पोखरी में उपजिला चिकित्सालय की स्थापना, एसडीएम की तैनाती और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, गिरीश किमोठी, प्रशांत पंत, कुसुम कंडारी, सुनीता सहित सभी पार्षदों, पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को विधायक द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा से नगर पंचायत अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी सिताबू लाल, राजेंद्र कोठियाल, सुरजी देवी, आशा देवी, धीरेन्द्र सिंह रावत और राघवानंद डंगवाल सहित अनेक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवि नेगी, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र सिंह राणा, पूर्व प्रमुख बिनीता देवी, प्रीती, ईश्वर मदवाल, राजपाल कोठियाल, कुंवर सिंह चौधरी, कुंवर सिंह खत्री, मयंक नेगी, देव बर्तवाल, हनुमंत कंडारी, विकेंद्र नेगी, समुद्रा देवी, तेजपाल बर्तवाल, कल्पना बर्तवाल, मदोधरी पंत, बीबीएस असवाल, महेंद्र गुसाईं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट श्रवण सती ने किया।
