2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, कार्यकर्ताओं का सम्मान कर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
पोखरी, 30 मार्च (राणा)। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ब्लॉक सभागार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं को फूल-मालाओं एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लखपत सिंह बुटोला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान शासन में महंगाई, बेरोजगारी, महिला अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर हैं तथा कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुकी है और 2027 में प्रदेश की बागडोर कांग्रेस को सौंपने के लिए तैयार है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है और भाजपा के कई पूर्व विधायक व वरिष्ठ नेता कांग्रेस में शामिल होने के इच्छुक हैं। कुछ नेता पार्टी के संपर्क में हैं और जल्द ही उनके शामिल होने की संभावना है।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाएं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें, ताकि आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, ब्लॉक अध्यक्ष रवि नेगी, महिला ब्लॉक अध्यक्ष कल्पना बर्तवाल, क्षेत्र पंचायत प्रमुख राजी देवी, ज्येष्ठ प्रमुख ऊषा कंडारी, पूर्व प्रमुख प्रीति भंडारी, एडवोकेट श्रवण सती, इंद्रप्रकाश रडवाल, विशंभर मदवाल, कुंवर सिंह चौधरी, कालिका प्रसाद भट्ट, नवीन राणा, मयंक नेगी, राकेश रावत, देव बर्तवाल, समुद्रा देवी, हनुमत कंडारी, मुन्नी देवी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने और आगामी चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
