उत्तराखंड में नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम के नोडल कोऑर्डिनेटर आलोक शर्मा का स्वागत
देहरादून, 18 नवंबर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग द्वारा देशभर में राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की खोज के लिए संचालित नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड में नई जिम्मेदारियाँ सौंपे जाने के बाद नवनियुक्त नोडल कोऑर्डिनेटर आलोक शर्मा का आज देहरादून में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के लिए जोनल कोऑर्डिनेटर के रूप में जिग्नेश मेवाणी और चरण सिंह सापरा, जबकि नोडल कोऑर्डिनेटर के रूप में आलोक शर्मा की नियुक्ति की गई है।
देवभूमि उत्तराखंड में उनके प्रथम आगमन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय—राजीव भवन—में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, मीडिया विभाग के प्रवक्ताओं और बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने आलोक शर्मा का भव्य स्वागत किया।
प्रदेश कांग्रेस ने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ताओं के चयन की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में आलोक शर्मा का अनुभव और मार्गदर्शन राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
स्वागत करने वालों में मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, महामंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रवक्ता राजेश चमोली, शीशपाल सिंह बिष्ट, मोहन काला, सुलेमान, नितिन बिष्ट, अजय रावत, गौतम नौटियाल, जसविंदर सिंह गोगी, सूरत छेत्री, सुजाता पाल, प्रतिमा सिंह, राजेंद्र शाह सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
