राजजात मार्ग के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता लाने के निर्देश, सबलेट पर सख्ती

-हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-
थराली, 26 फरवरी। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधीक्षण अभियंता, सातवां वृत्त गोपेश्वर, राजेश चंद्रा ने श्री नंदादेवी राजजात के अंतर्गत थराली–देवाल–मंदोली–वांण मोटर मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और होली के बाद कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि बिना विभागीय अनुमति के किसी भी कार्य को सबलेट (पेटी कांट्रेक्ट) पर नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि किसी भी ठेकेदार को 25 प्रतिशत से अधिक कार्य किसी अन्य को सौंपने की अनुमति नहीं है।
थराली से देवाल तक राजजात यात्रा मार्ग पर निर्मित दीवारों, स्कवरों (क्रॉस ड्रेनेज), नालियों और अन्य निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि दीवारों के निर्माण में अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके चलते वे स्वयं निरीक्षण के लिए पहुंचे हैं।
किमी 3 के स्लाइड जोन में प्रस्तावित दीवार निर्माण के स्थान पर बैक कटिंग कराए जाने के लिए सर्वे कराने के निर्देश भी उन्होंने दिए। उन्होंने कहा कि होली के बाद वह पुनः मार्ग का निरीक्षण करेंगे और इस दौरान संबंधित ठेकेदार को भी साथ रखा जाएगा।
अधीक्षण अभियंता ने सहायक अभियंता एवं अवर अभियंताओं को साइट रजिस्टर तैयार करने तथा कार्यस्थल पर कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों और अन्य विवरणों का नियमित अभिलेख रखने के निर्देश दिए, ताकि सबलेट की स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी पंजीकृत ठेकेदार को किसी अन्य ने कर्मचारी के रूप में रखा है तो वह सबलेट की श्रेणी में नहीं आएगा।
सड़क पर केसी ड्रेन नालियों के निर्माण तथा जहां यू-आकार की नालियां बनाई जाएंगी, उन्हें ऊपर से कवर करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र, सहायक अभियंता बबिता सहित अन्य अभियंता मौजूद रहे।
आपदा कार्यों के भुगतान का मामला भी उठा
निरीक्षण के दौरान ठेकेदारों ने आपदा के समय किए गए कार्यों का छह माह बाद भी भुगतान न होने का मुद्दा अधीक्षण अभियंता के समक्ष उठाया। उन्होंने बताया कि लेखा अनुभाग में लंबित प्रक्रिया के कारण भुगतान नहीं हो पा रहा है।
इस पर अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा ने अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र को विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने तथा आपदा कार्यों से संबंधित आवश्यक अभिलेख तैयार कराने के निर्देश दिए।
बैठक में ठेकेदार राकेश जोशी, हरेंद्र कोटेड़ी, धीरेन्द्र रावत, अब्बल पिमोली, प्रेम बिष्ट, अब्बल गुसाईं, उमेश देवराड़ी, भगवती पांडे और प्रताप राम सहित अन्य मौजूद
