आपदा कार्यों का भुगतान न होने पर ठेकेदारों का रोष, लोनिवि थराली में तालाबंदी का प्रयास
– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली, 17 फरवरी। आपदा के दौरान किए गए कार्यों का छह माह बाद भी भुगतान न होने से नाराज़ लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) थराली के ठेकेदारों ने पूर्व घोषणा के अनुसार विभागीय कार्यालय की तालाबंदी का प्रयास किया। हालांकि संभावित तालाबंदी को देखते हुए तहसील एवं पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क रहा और मौके पर पहुंचकर ठेकेदारों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया, जिससे तालाबंदी नहीं हो सकी। ठेकेदारों ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि अगस्त 2025 में आई आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र खुलवाने के लिए प्रशासन ने विभागीय अधिकारियों के समन्वय से ठेकेदारों की मशीनरी और डंपरों की मदद ली थी। इसके परिणामस्वरूप बंद पड़ी सड़कों को समय पर बहाल कर लिया गया। बावजूद इसके, आपदा कार्यों के छह माह बाद भी ठेकेदारों को उनके किए गए कार्यों का भुगतान नहीं मिल पाया है, जिससे उनमें असंतोष बढ़ता जा रहा है।
ठेकेदारों ने पहले ही तालाबंदी की सूचना विभागीय अधिकारियों और प्रशासन को दे दी थी। सूचना के मद्देनज़र स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर तैनात रहा। तहसीलदार अक्षय पंकज ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदारों की समस्याएं सुनीं। ठेकेदारों ने बताया कि लंबे समय से भुगतान न मिलने के कारण उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
ठेकेदारों का आरोप है कि खंडीय लेखाधिकारी द्वारा उनके बिलों के भुगतान में अनावश्यक देरी की जा रही है। इस पर तहसीलदार अक्षय पंकज ने लोनिवि थराली की सहायक अभियंता कुमारी बबीता, खंडीय लेखाधिकारी अरुण कुमार और ठेकेदारों के साथ बैठक आयोजित कर सभी पक्षों की बात सुनी। बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले।
तहसीलदार ने इस दौरान लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता से मोबाइल पर वार्ता की, जिसमें अधिशासी अभियंता ने दो दिनों के भीतर बिलों के भुगतान का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ठेकेदार शांत हुए, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में भुगतान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।
इस मौके पर ठेकेदार हरेंद्र कोटड़ी, अब्बल पिमोली ठेकेदार, यशपाल नेगी, राकेश जोशी, भास्कर पांडे, भगवती पांडे, देवेंद्र नेगी, मोहन सिंह, विपिन बिष्ट, गौरव खत्री, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
