Front Page

कुंभ-2027 की तैयारियों पर उच्च स्तरीय बैठक, कार्यों में तेजी के निर्देश

 

देहरादून, 18 मार्च। मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में कुंभ-2027 के संबंध में उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुंभ-2027 से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.

मुख्य सचिव ने जिन कार्यों के शासनादेश (जीओ) अभी तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी प्रकृति के छोटे कार्यों के लिए अधिकारों के विकेंद्रीकरण (पॉवर डेलीगेशन) पर जोर देते हुए कहा कि एक करोड़ रुपये से कम लागत के कार्यों की संस्तुति आयुक्त गढ़वाल की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा की जाएगी।
उन्होंने कुंभ से संबंधित चंडी देवी और मनसा देवी मंदिरों के कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी कार्यों को आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता तय कर आगे बढ़ाने को कहा।
बैठक में टेंट, बैरिकेडिंग आदि व्यवस्थाओं के लिए एजेंसियों के चयन हेतु बिडिंग प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने सभी विभागों के सचिवों और विभागाध्यक्षों को अपने स्तर पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कुंभ कार्यों के लिए ऑडिट टीम जल्द तैनात करने तथा सूचना, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को अगली बैठक में अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी को कुंभ के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने को भी कहा गया।
कनखल क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या के समाधान हेतु ठोस योजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी निर्माण कार्यों को अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने पर जोर दिया गया।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने जानकारी दी कि विभिन्न विभागों के 191.30 करोड़ रुपये लागत के 33 कार्यों में से 31 कार्य शुरू हो चुके हैं, जबकि शेष दो कार्यों की निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्य सचिव ने सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय सचिव भी अपने स्तर से निगरानी करें और प्रत्येक समिति बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री सी. रविशंकर, श्री रणवीर सिंह चौहान और श्री विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!