क्षेत्रीय समाचार

पोखरी के रौता के जंगल में मिला लापता बुजुर्ग का शव, पोस्टमार्टम को भेजा गया

पोखरी, 27 फरवरी (राणा)। विकासखंड पोखरी क्षेत्र के ग्राम रौता के जंगल में एक लापता बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र पंत ने बताया कि बीते दिन अतिरिक्त उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी दुर्गाधार (रुद्रप्रयाग) द्वारा थाना पोखरी को सूचना दी गई थी कि अमर सिंह (68 वर्ष) पुत्र आनंद सिंह, निवासी ग्राम थप्पल, थाना व जनपद रुद्रप्रयाग, जो लगभग एक माह से लापता थे, उनका शव ग्राम रौता के जंगल में सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला है। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी पूर्व में कोतवाली रुद्रप्रयाग में दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि सूचना देर शाम प्राप्त होने और अंधेरा हो जाने के कारण उसी दिन कार्रवाई संभव नहीं हो सकी। इसके बाद 27 फरवरी 2026 को थाना पोखरी से उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह पुलिस बल, मृतक के परिजनों तथा ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव का पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए राजकीय उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया।
पूछताछ में परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि अमर सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और अक्सर बिना बताए घर से चले जाते थे। इसी कारण लगभग एक माह पूर्व उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!