Front Pageक्राइम

देहरादून युवती हत्याकांड: एसपी मुख्यालय ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

देहरादून, 5 फरबरी।  कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या के प्रकरण में नामित जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्रीमती विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने सोमवार को मामले की विस्तृत समीक्षा की।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए घटना से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनका पक्ष गंभीरता से सुना और आवश्यक बयान दर्ज किए। जांच से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण बिंदु पर उन्होंने विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

पुलिस अधीक्षक ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि मामले की जांच पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक तरीके से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही या त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसके पश्चात उन्होंने कोतवाली नगर तथा पुलिस चौकी खुड़बुड़ा का दौरा कर प्रकरण से संबंधित अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं और पुलिस रिस्पॉन्स से जुड़े दस्तावेजों की भी गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि घटना के समय पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं पर की गई कार्रवाई सहित सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड श्री सुनील कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस संवेदनशील मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!