केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल न होने पर पैनखंडा समुदाय फिर आंदोलन की राह पर
—प्रकाश कपरुवाण की रिपोर्ट—
ज्योतिर्मठ, 9 फरवरी। लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2016–17 में सीमांत विकास खंड जोशीमठ के पैनखंडा समुदाय को राज्य स्तरीय ओबीसी श्रेणी में शामिल किया गया था, लेकिन इसके दस वर्ष बीत जाने के बावजूद पैनखंडा जोशीमठ को अब तक ओबीसी की केंद्रीय सूची में शामिल नहीं किया जा सका है। लगातार पत्राचार के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने से आक्रोशित सीमांतवासियों ने एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
सोमवार को ब्लॉक सभागार में पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष भरत सिंह कुंवर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ओबीसी आरक्षण लागू कराने के लिए पूर्व में किए गए संघर्ष और आमरण अनशन को याद किया गया। बैठक में पैनखंडा समुदाय को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल कराने के लिए पुनः आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में जोशीमठ विकास खंड की सभी पांच न्याय पंचायतों के लिए अलग-अलग समन्वय समितियों का गठन किया गया। साथ ही नगर क्षेत्र के सभी नौ वार्डों में संपर्क समितियां बनाई गईं। सभी समितियों से 27 फरवरी से पूर्व अपने-अपने न्याय पंचायतों और वार्डों में बैठकें आयोजित कर 27 फरवरी को प्रस्तावित विशाल आंदोलन में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
उल्लेखनीय है कि सीमांत विकास खंड जोशीमठ को राज्य स्तरीय ओबीसी सूची में शामिल किए जाने के बाद बीते दस वर्षों में पैनखंडा समुदाय के बच्चों को राज्य स्तरीय सेवाओं और मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का लाभ मिला है, लेकिन वे अब भी केंद्रीय ओबीसी से जुड़े लाभों से वंचित हैं।
बैठक में यह भी कहा गया कि पिछले दस वर्षों से राज्य सरकार द्वारा पैनखंडा जोशीमठ को ओबीसी की केंद्रीय सूची में शामिल किए जाने संबंधी प्रस्ताव केंद्र सरकार को नहीं भेजा गया है। इसी उपेक्षा के विरोध में सीमांतवासियों ने 27 फरवरी को विशाल आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी साह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष मोहनलाल बजवाल, पूर्व प्रधान किशोर कनियाल, हीरा सिंह पंवार, भगवती प्रसाद नंबूरी, अजीत पाल रावत, राकेश भंडारी, सुखदेव पैनखंडी, बलबीर सिंह रावत, समीर डिमरी, प्रकाश नेगी, ओमप्रकाश डोभाल, दिगंबर सिंह, रविंद्र थपलियाल, जेपी भट्ट, नगर पालिका सभासद प्रवेश डिमरी, जयदीप मंद्रवाल, दीपक साह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
