गौरव सैनिक संगठन की बैठक में कल्याण कार्यालय खोलने की मांग को मिली गति
गौचर, 11 नवंबर (गुसाईं)। रानीगढ़ गौरव सैनिक संगठन, गौचर की संयुक्त बैठक में गौरव सैनिकों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष बीरपाल सिंह नेगी ने की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से संगठन कालेश्वर में सैनिक कल्याण कार्यालय की शाखा खोलने की मांग कर रहा था। इस संबंध में संगठन द्वारा लगातार पत्राचार किया जा रहा था, जिस पर अब केंद्र सरकार से पत्र के माध्यम से सकारात्मक जवाब प्राप्त हुआ है। संगठन ने केंद्र के इस निर्णय की सराहना की।
बैठक में बताया गया कि संगठन गौरव सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के हितों के लिए निरंतर कार्यरत है। पेंशन से संबंधित कुछ प्रकरण जो हाईकोर्ट में लंबित थे, उनमें भी संगठन को सफलता मिली है। आगामी पेंशन मामलों पर भी सदस्यों को विस्तृत जानकारी दी गई।
सभी सदस्यों ने एक स्वर में संगठन को मजबूत करने और गौरव सैनिकों के अधिकारों के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।
बैठक में सुबेदार शिशुपाल सिंह सगोई, कैप्टन प्रताप सिंह खत्री, सुबेदार कुशाल सिंह, नायक दिलवर सिंह, नायक कल्याण सिंह, सुबेदार ओमप्रकाश मिश्रा, नायब सुबेदार रघुबीर सिंह, सुबेदार मेजर सुरेंद्र सिंह मल, सुबेदार जीत सिंह बिष्ट, भगवती प्रसाद खंडूड़ी, सुबेदार मेजर रमेश सिंह, हवलदार रणजीत सिंह, नायक रणबीर सिंह और नायब सुबेदार देवेंद्र पंवार सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
