मुख्यमंत्री से मिले भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता मयंक पत
रुद्रप्रयाग–पोखरी–गोपेश्वर मोटर मार्ग के अपग्रेडेशन को मांगी वित्तीय स्वीकृति
पोखरी, 18 फरवरी (राणा)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता मयंक पत ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपने गृह क्षेत्र पोखरी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की लाइफ लाइन मानी जाने वाली रुद्रप्रयाग–पोखरी–गोपेश्वर मोटर मार्ग के वन टाइम मेंटीनेंस के तहत अपग्रेडेशन कार्य के लिए शासन स्तर से वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
मयंक पत ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में बताया कि रुद्रप्रयाग–पोखरी–गोपेश्वर मोटर मार्ग दर्जनों ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियां सीधे तौर पर जुड़ी हुई हैं। उन्होंने बताया कि किमी 59 से 85 तक बीएमएसडीबीसी (BMSDBC) तकनीक से अपग्रेडेशन एवं वन टाइम मेंटीनेंस कार्य के लिए 13.48 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है, जिसे शीघ्र स्वीकृति मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क संयुक्त उत्तर प्रदेश के समय तत्कालीन पर्वतीय विकास मंत्री स्वर्गीय नरेन्द्र सिंह भंडारी द्वारा स्वीकृत क्षेत्र की सबसे पुरानी और महत्वपूर्ण सड़कों में से एक है। वर्षों से भारी यातायात के दबाव के कारण यह मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मयंक पत ने बताया कि मार्ग के अपग्रेडेशन और वन टाइम मेंटीनेंस से सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा और दर्जनों गांवों को सुरक्षित व सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मयंक पत ने क्षेत्र के विकास से जुड़े अन्य मुद्दे भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे और उनके शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।
