धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

कुम्भ मेला–2027 के लिए लोगो डिज़ाइन आमंत्रित, चयनित डिज़ाइनर होगा सम्मानित

 

हरिद्वार, 26 मार्च । आगामी कुम्भ मेला–2027 की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने आमजन की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत कुम्भ मेला–2027 के आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो) के डिज़ाइन हेतु नागरिकों से रचनात्मक प्रविष्टियाँ आमंत्रित की गई हैं।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने जानकारी देते हुए बताया कि कुम्भ मेला भारत की प्राचीन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे में 2027 के कुम्भ को दिव्य और भव्य स्वरूप देने की दिशा में आमजन की रचनात्मक भागीदारी से इसका लोगो तैयार करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लोगो ऐसा होना चाहिए, जो कुम्भ की धार्मिक आस्था के साथ-साथ इसकी सदियों पुरानी विरासत को आकर्षक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सके। यह लोगो कुम्भ मेला–2027 की प्रमुख पहचान बनेगा, इसलिए इसमें नवाचार के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों की स्पष्ट झलक होना आवश्यक है।
मेलाधिकारी ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी अपना स्वयं निर्मित लोगो डिज़ाइन 15 दिनों के भीतर सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी, दोनों रूपों में मेला नियंत्रण भवन (निकट हर की पैड़ी, हरिद्वार) स्थित कार्यालय में किसी भी कार्यदिवस पर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा डिज़ाइन ई-मेल kumbh.ccr@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चयनित लोगो के डिज़ाइनर को मेला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
मेला प्रशासन ने उत्तराखंड के नागरिकों, कलाकारों, डिजाइनरों, युवाओं और छात्रों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पहल में भाग लें और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से कुम्भ मेला–2027 की पहचान को नया आयाम दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!