क्षेत्रीय समाचार

देवाल में कांग्रेस ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 77वां गणतंत्र दिवस

 

ब्लॉक स्तरीय कार्यालय का हुआ उद्घाटन


– हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट –
थराली/देवाल, 27 जनवरी। कांग्रेस कमेटी देवाल ने 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाते हुए विकास खंड मुख्यालय देवाल में पार्टी के ब्लॉक स्तरीय कार्यालय का उद्घाटन किया।
सोमवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी देवाल के ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया की अध्यक्षता में सबसे पहले ब्लॉक स्तरीय कार्यालय का उद्घाटन पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता इंद्र सिंह राणा एवं ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया द्वारा रिबन काटकर किया गया। इसके उपरांत कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में वक्ताओं ने पूरे विकास खंड में पार्टी संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता से कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में केंद्र और राज्य में भाजपा सरकारों की नीतियों से आम जनता में असंतोष बढ़ा है, ऐसे में लोगों की उम्मीदें कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं को आम जनता के बीच और अधिक सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
इस मौके पर कांग्रेस के मनरेगा प्रदेश संयोजक डीडी कुनियाल ने मनरेगा योजना को बचाने के लिए गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख मोहन राम, कांग्रेस नेता नरेंद्र सिंह बिष्ट, चंद्र मोहन मिश्रा, धर्म सिंह कोटेड़ी, लखपत सिंह, भूपेंद्र बिष्ट, राकेश मिश्रा, प्रदीप दानू, प्रताप राम, कंचन बिष्ट, अमर राम, दलवीर राम, कलम सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!