धर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

बिजराकोट क्षेत्र के आराध्य रावल देवता की देवरा यात्रा 22 नवंबर से

-गौचर से दिग्पाल गुसाईं –

बिजराकोट क्षेत्र के दर्जनों गांवों के आराध्य रावल देवता की देवरा यात्रा बन्याथ 22 नवंबर से शुरू होगी। इसको लेकर क्षेत्र वासियों में भारी उत्साह बना हुआ है।

बन्याथ यात्रा को लेकर क्षेत्र में बैठकों का दौर जारी है। गत् दिवस् 15 अक्टूबर को हुई चौथी बैठक में यात्रा की तिथि का निर्णय लिया गया।  इससे पूर्व तीन बैठकें आयोजित की गई थी। इस सम्बन्ध में दो बैठकें  बिजराकोट एवं एक बैठक डांग में सम्पन्न हो चुकी है।

पूर्व की परंपरा के अनुसार 23 सितम्बर को पोखरी के गडूना गांव से विधि विधान के साथ ब्रह्मा बांस बिजराकोट लाया गया। जिससे ब्रह्मा का निर्माण किया जायेगा।

इस दौरान बन्याथ ( देवयात्रा) समिति का गठन किया गया है जिसमे गोपाल सिंह पंवार, जीतपाल सिंह ,नन्दा सिंह पंवार, देवेन्द्र पंवार, बलदेव सिंह नेगी, युध्दबीर सिंह पंवार, जयबीर बिष्ट, मातबर सिंह राणा, गिरीश नेगी, मदन कठैत, बलवंत पंवार, जशपाल नेगी , मोहन राणा आदि को संरक्षक बनाया गया। जबकि बृजमोहन सिंह पंवार को अध्यक्ष,सुनील सिंह पंवार को संयोजक, महांबीर सिंह पंवार को सह संयोजक, नरेश बिष्ट कुलदीप सिंह को कोषाध्यक्ष तथा रणबीर सिंह बुटोला को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया।

इसके साथ ही सोशल मीडिया समिति, सांस्कृतिक समिति व 50 व्यक्तियों का एक देवयात्रा समिति बनायी गयी है। 22 नवम्बर को विधि विधान के साथ रावल देवता गर्भगृह से बाहर आएंगे। तीन दिनों की पूजा पाठ के उपरान्त 25 नवम्बर को रावल देवता बीर लाटू देवता (ब्रह्मा)की अगवानी में सारी गांव में झाली देबी से भेंट करेंगे। इसी दिन रावल झाली देबी से भेंट करने के बाद रानौ के रौलझाड़ पहुचेंगे। तत्पश्चात वहाँ से रावल देवता पैदल क्वीठी होते हुए बडेथ गांव पहुचेंगे। वहां हवन कुण्ड खोलकर बडेथ डांग व इज्जर गांव का भ्रमण करने के बाद वापस बिजराकोट आयेंगे।बिजराकोट दो दिन भ्रमण के बाद रावल देवता गांवों के भ्रमण की दिशा तय करेंगे।

इसके पश्चात यात्रा 6 महीने के भ्रमण पर निकलेगी।छटवें महिनें में रावल देवता बिजराकोट पहुचेंगे। फिर वहाँ एक बार पुनः फिर सारी झालीदेबी में पूजा पाठ कर रानौ रौलझाड़ में पूजा के उपरान्त पुनः क्वीठी होते हुए बडेथ गांव में हवन कुण्ड बन्द करके वापस बिजराकोट पहुंचेगी ,वहां 9 दिनों के पूजा पाठ हवन पश्चात बन्याथ (देवयात्रा) सम्पन्न होगी।

इस आयोजन में जनपद रुद्रप्रयाग अगस्तमुनि विकास खण्ड के ग्राम सभा बिजराकोट के विभिन्न गांव बिजराकोट, जखेडा, बोंरा, बुराशी, गैर, पुडियास, टुखिड्डा, रावलधार एवं जनपद चमोली विकास खण्ड पोखरी के ग्राम बडेथ, डांग इज्जर, भन्वाडी आदि गांव समलित होंगे। इन सभी गांवों मे लगभग 250 परिवार देवयात्रा में समलित होगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!